अल्मोड़ा। आधी रात को संदिग्ध हालत में आग की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। आग की लपटों में मां को घिरा देख बेटे की चीखपुकार सुन मौके पर भीड़ जमा हो गई। रविवार की सुबह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
मूल रूप से ताकुला ब्लॉक के बसोली निवासी नीमा भाकुनी(42) पत्नी इंदर सिंह भाकुनी यहां खगमरा कोट में चौधरी भवन के समीप किराए के मकान में अपने 15 वर्षीय छोटे बेटे के साथ रहती थी। शनिवार आधी रात अचानक नीमा घर के बाहर शौचालय के समीप चिल्लाने लगी। आवाज सुन बेटा दौड़ा चला आया। इस दौरान नीमा आग की लपटों में घिरी हुई थी। बेटे के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी भी मौके पर पहुंचे। तब तक बुरी तरह से झुलसकर महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
संदिग्ध हालत में महिला की मौत से क्षेत्र में खलबली मच गई। पुलिस ने बताया कि महिला के पति लखनऊ में भारतीय सेना में तैनात हैं। बड़ा बेटा देहरादून में बीटेक करता है। मौत की सूचना के बाद पति लखनऊ से चल दिए हैं। बताया जा रहा है कि महिला कुछ समय से अवसाद में थी। धारानौला चौकी प्रभारी अमरपाल सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।