चौखुटिया (अल्मोड़ा)। मासी में कोरोना महामारी के साए में हुए सोमनाथ मेले में दोनों धड़ों के मामूली लोग शामिल हुए। निशांणों के साथ पहुंचे लोगों ने प्रशासन से मिली कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए रामगंगा नदी में पत्थर फेंककर ओड़ा भेंटने की रस्म अदायगी की। इसी के साथ मेले का समापन हो गया।
मेले में कनोणियां आल (धड़े) से प्रधान गिरधर बिष्ट, दीपक वर्मा, चंदन बिष्ट, ललित बिष्ट, नवीन बिष्ट, राहुल बिष्ट, भूपेंद्र बिष्ट, जितेंद्र, मनोज बिष्ट शामिल हुए जबकि मासी आल से हरीश मासीवाल, शिव दत्त मासीवाल, रामस्वरूप मासीवाल, गोपाल मासीवाल, महेश लाल वर्मा, संतोष मासीवाल आदि आए।
एसडीएम गौरव पांडे ने तीन दिन पूर्व मासी पहुंचकर दोनों धड़ों के लोगों को कोरोना गाइडलाइन बताई थी। इसका पालन करते हुए लोगों से सीमित समय में रस्म पूरी करने को कहा था, मेलार्थियों ने उसी अनुरूप सारी रस्म निभाई। मासी का सोमनाथ मेला प्रति वर्ष बैसाख के आखिरी सोमवार को होता है।