अल्मोड़ा। दो दिन के साप्ताहिक कर्फ्यू और मंगलवार से लगने वाले लॉकडाउन से पहले सोमवार सुबह बाजार खुलते ही ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ी। राशन, सब्जी, दूध, फल आदि दुकानों में लोगों की काफी भीड़ रही। लोगों में पहले सामान लेने की होड़ मची रही। इस दौरान सुरक्षित दूरी के नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ीं।
शनिवार और रविवार को साप्ताहिक कर्फ्यू के चलते अल्मोड़ा बंद रहा। इसके बाद सरकार की ओर से निर्देश जारी किया गया कि मंगलवार से सात दिनों के लिए लॉकडाउन लगाया जाएगा। इस वजह से सोमवार को अल्मोड़ा बाजार खुला तो सुबह से ही बाजारों में ग्राहकों की भीड़ आने लगी थी।
सोमवार को नगर के चौक बाजार, लाला बाजार, कारखाना बाजार, कचहरी बाजार, थाना बाजार, माल रोड, धारानौला आदि बाजारों में अन्य दिनों की अपेक्षा से अधिक भीड़ रही। राशन, सब्जी, दूध, फल की दुकानों में लोगों का जमावड़ा रहा। दुकानों में खरीदारी के लिए आए लोगों में पहले सामान लेने की होड़ मची थी।
खचाखच भरे बाजार और दुकानों में लगी भीड़ के बीच लोग कोरोना गाइड लाइन का पालन करना ही भूल गए। सुरक्षित दूरी के नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ीं। 10 मई को सुबह छह बजे से एक बजे तक राशन आदि जरूरी सेवाओं से संबंधित दुकानों को खोलने की अनुमति दी गई थी। इसके बावजूद नगर के कुछ हिस्सों में एक बजे बाद भी कुछ दुकानें खुली थी। कहीं आधा शटर खोलकर कारोबार चल रहा था। पुलिस ने इन दुकानों को बंद कराया।
शराब की दुकानों में रही कतार, लोगों ने जमकर स्टॉक रखा
अल्मोड़ा। कोविड कर्फ्यू के लिए सरकार की ओर से जारी एसओपी में शराब की दुकानों पर भी अगले आदेश तक प्रतिबंध लगाया है। सोमवार को शराब की दुकानों में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोग शराब का स्टॉक करते दिखे। आलम यह रहा कि माल रोड और धारानौला मार्ग स्थित शराब की दुकान पर लोग लंबी कतार में खड़े नजर आए।
सुरक्षित दूरी के नियमों का यहां खुलेआम उल्लंघन हुआ। शराब के दुकानदार भी ग्राहकों से सुरक्षित दूरी का पालन कराने में असमर्थ रहे। शराब की दुकानों में लाइन में खड़े लोगों ने बताया कि यदि दुकानें बंद रही उन्हें शराब की किल्लत से जूझना पड़ेगा। इस कारण वह अभी से अपना कोटा रख रहे हैं।
बैंकों और एटीएमों में उमड़ी भीड़
अल्मोड़ा। दो दिन के साप्ताहिक कर्फ्यू के बार खुले बैंकों में ग्राहकों की रेलमपेल रही। बैंकों और एटीएमों में ग्राहकों की कतार रही। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि लोग दो गज दूरी का पालन करना ही भूल गए। बैंकों में नकदी जमा करने, पास बुक में इंट्री, चेक जमा करने, ड्राफ्ट बनाने आदि कार्यों के लिए काफी संख्या में ग्राहक पहुंचे थे। हाल यह रहा है कि बैंकों में तो भीड़ थी ही एटीएमों में भी कैश निकालने के लिए ग्राहकों की कतार लगी रही। कुछ बैंकों के एटीएमों में नकदी खत्म होने से ग्राहकों की दिक्कतों से भी जूझना पड़ा।
अन्य दिनों के मुकाबले सोमवार को ग्राहकों की संख्या में करीब 20 फीसदी की वृद्धि हुई। लोगों ने राशन, दाल, आटा, चीनी आदि खाद्य सामग्री की खरीदारी की। सुबह दुकान खुलते ही ग्राहक खरीदारी के लिए आने लगे थे।
- करन पांडेय, राशन व्यवसायी, धारानौला, अल्मोड़ा।
सोमवार को अन्य दिनों की अपेक्षा खरीदारी के लिए ज्यादा ग्राहक पहुंचे थे। लोगों ने अपनी जरूरत के मुताबिक दाल, चावल, तेल आदि खाद्य सामग्री की खरीदारी की। कोरोना गाइडलाइन का पालना कराकर ही सामान बेचा गया।
- मनोज साह, राशन विक्रेता नंदादेवी, अल्मोड़ा।