चौबटिया की 17 राष्ट्रीय राइफल द्वारा शहीद मेजर अधिकारी की स्मृति में आयोजित वालीबाल प्रतियोगिता का फाइनल सोमेश्वर की टीम ने जीत लिया। सोमेश्वर ने स्याल्दे को 15-11 अंकों से मात दे दी। मुख्य अतिथि बरेली स्थित 6 माउंटेन के डिप कमांडर मेजर जनरल वीपीएस भाकुनी ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार बांटे।
मालूम हो कि 17 राष्ट्रीय राइफल शहीद मेजर आरएस अधिकारी की स्मृति में वालीबाल प्रतियोगिता आयोजित करती है। इसके तहत सोमेश्वर, द्वाराहाट और रानीखेत में बालीवाल प्रतियोगिता हुई। जिसमें 32 टीमों ने शिरकत की। फाइनल मुकाबला यहां सेना के नरसिंह मैदान में हुआ। जागरूक क्लब स्याल्दे और सोमेश्वर ए के बीच फाइनल मुकाबला रोचक रहा।
सोमेश्वर ने स्याल्दे को हराकर फाइनल जीत लिया। मुख्य अतिथि मेजर जनरल वीपीएस भाकुनी ने कहा कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने खेल भावना का शानदार परिचय दिया है। इस तरह बर्ताव भविष्य में भी जारी रखना होगा। सेना आगे भी इस तरह के आयोजन करेगी।
मुख्य अतिथि ने विजेता टीम को 21 हजार का चेक और चैंपियन ट्राफी तथा उपविजेता टीम को 11 हजार का चेक और ट्राफी प्रदान की। सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को पांच हजार रुपए का पुरस्कार मिला। इस अवसर पर माउंटेन ब्रिगेड के कमांडेंट मेजर राजीव ठाकुर, एसडीएम एपी बाजपेयी, कर्नल पी आचार्य सहित तमाम जवान, अधिकारी और नागरिक मौजूद थे।