लंबित मांगों का समाधान नहीं होने पर राजकीय महाविद्यालय छात्रसंघ ने आंदोलन शुरू कर दिया है। छात्र-छात्राएं कालेज परिसर में धरने पर बैठे। उन्होंने बीए और एमए में नए विषय खोलने समेत अन्य समस्याओं का जल्द समाधन नहीं होने पर अनशन शुरू करने की चेतावनी दी है।
धरना स्थल पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि बीए में राजनीति, संस्कृत, एमए में अर्थशास्त्र, अंग्रेजी और शिक्षा शास्त्र विषय खोलने की मांग अधूरी है। यह विषय नहीं होने से छात्र-छात्राओं को अल्मोड़ा, रानीखेत और बागेश्वर जाना पड़ रहा है। महाविद्यालय के प्राचार्य का पद भी लंबे समय सेे खाली है। उन्होंने कहा कि बिना प्रतिस्थानी के प्राध्यापकों के तबादले कर दिए जा रहे हैं। यदि मांगें जल्द पूरी नहीं हुई आंदोलन तेज किया जाएगा। मांगों को लेकर छात्र-छात्राओं ने जमकर नारेबाजी भी की। धरने पर छात्रसंघ अध्यक्ष पंकज नयाल, उपाध्यक्ष राकेश बिष्ट, तारा रावत, पकंज जोशी, नेहा राना, हिमानी राना, नीरज बजेठा, गायत्री मिश्रा, नेहा भंडारी, मनीषा पाठक, पूजा कठायत, नरेंद्र नेगी आदि ने भाग लिया।