सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। सोमेश्वर से गिरेछीना की ओर जा रही ऑल्टो कार आगररौलकुड़ी के पास सड़क से करीब 100 मीटर नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी। हादसे में चालक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।
शुक्रवार शाम करीब 4.30 बजे सोमेश्वर से गिरेछीना जा रही ऑल्टो कार (यूके-04-8490) सोमेश्वर-गिरेछीना मोटर मार्ग में आगररौलकुड़ी के पास सड़क से 100 मीटर नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी। दुर्घटना में कार में सवार सतरासी अरेडिया के तोक बजेली निवासी चालक गौरव बिष्ट (30) पुत्र किशन सिंह बिष्ट और कार सवार नरेंद्र बिष्ट (26) पुत्र चंदन सिंह बिष्ट व विनोद बिष्ट (26) पुत्र राम सिंह बिष्ट घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस से अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोमेश्वर लाया गया, जहां डॉक्टरों ने गौरव बिष्ट को मृत घोषित कर दिया। पैर फ्रैक्चर होने पर विनोद बिष्ट को अल्मोड़ा रेफर किया गया है, जबकि नरेंद्र बिष्ट को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। सूचना पर एसआई सुरेंद्र सिंह रिंगवाल भी मौके पर पहुंचे। एसओ राजेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि शनिवार को शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम किया जाएगा।