विकास समिति न्याय पंचायत कुंवाली पट्टी कालीगाड़ ने जिलाधिकारी को आठ सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की मांग उठाई है। समस्याएं हल नहीं होने पर समिति ने 15 फरवरी को कुलेश्वर महादेव मंदिर कुंवाली में धरना और 20 फरवरी को गांधी पार्क अल्मोड़ा में प्रदर्शन का एलान किया है।
समिति के निरीक्षक भानु प्रकाश जोशी ने डीएम को सौंपे ज्ञापन में कुंवाली क्षेत्र में राष्ट्रीय कृत बैंक की स्थापना करने की मांग उठाई है। समिति का कहना है कि क्षेत्र में अस्पताल नहीं होने से रोगियों को परेशानी होती है। इसके लिए ज्रऊरी है कि 30 शैया का एलोपौथिक अस्पताल खोला जाए।
जिसका प्रस्ताव स्वास्थ्य निदेशालाय देहरादून स्तर पर लंबित है। ऐना-भिटारकोट-जाख मार्ग पर ग्राम नैड़ी-बगथल के पास पुल निर्माण और भिटारकोट से जाख तक सड़क का निर्माण पीएमजीएसवाई के माध्यम से जल्द पूरा करवाया जाए।
न्याय पंचायत क्षेत्र के एकमात्र कन्या हाइस्कूल कुंवाली का इंटर में उच्चीकरण कर विज्ञान वर्ग की कक्षाएं संचालित करने की मांग की। समिति का कहना है कि मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत महाविद्यालय खोलने के लिए ग्राम पंचायत कुंवाली, ऐना, पागा, महतगांव ने जमीन दिए जाने का प्रस्ताव शासन को भेजा है, परंतु महाविद्यालय अब तक नहीं खुल सका है।
शिलान्यास के 11 साल बाद भी मजखाली-डिगोटी, दुगोड़ाकोट, ढुकान-बग्वालीपोखर मार्ग नहीं बना है। इसके अलावा पेयजल योजनों में चौकीदारों की नियुक्ति, बिजली व्यवस्था में सुधार करने, मुझोली-धनखोली लिंक मार्ग और गोलूछीना श्रीखेत, मल्यालगांव सड़क पर डामरीकरण की मांग उठाई है।
समिति ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। ज्ञापन में समिति के सचिव रघुवर दत्त जोशी के भी हस्ताक्षर हैं।