एसओजी के कांस्टेबल की इसी कार पर हुआ हमला।
- फोटो : अमर उजाला
डयूटी पर गये एसओजी के कांस्टेबल के साथ गाली गलौच, जान से मारने की धमकी और उनकी कार के शीशे तोड़ने के मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। खबर भेजे जाने तक दोनों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम को एसओजी कांस्टेबल हेमंत कुमार जानकारी मिलने पर गुप्त रूप से स्मैक के कारोबार में लिप्त लोगों की जानकारी एकत्र करने गये हुए थे। इस दौरान वह तल्ला ओढख़ोला के पास अपनी कार आई20 यूके 04-6482 के पास खड़े हो गये। इसी बीच शराब के नशे में तल्ला ओढख़ोला निवासी प्रमोद कुमार टम्टा तथा उनके पुत्र सचिन कुमार टम्टा ने एसओजी के कांस्टेबल के साथ गाली गलौच शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देने लगे।
इसी दौरान सचिन कुमार ने एसओजी कांस्टेबल की कार में पीछे से तीन चार बार ईंट से हमला किया जिससे कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। बाद में कांस्टेबल हेमंत कुमार ने थाने में ओढख़ोला निवासी प्रमोद कुमार टम्टा तथा उनके पुत्र सचिन कुमार टम्टा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने बताया कि दोनों के खिलाफ धारा 353, 427, 504 तथा 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इधर मामले की विवेचना कर रहे पुलिस अधिकारी गौरव जोशी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।