मासी-भिकियासैंण-भतरौंजखान मार्ग के सुधारीकरण कार्य में तेजी लाने और अन्य समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं ने तहसील मुख्यालय में नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया और सभा करके मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
इस मौके पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री हरीश रावत के गृह क्षेत्र में स्थिति बहुत खराब है। ग्रामीण पिछले काफी समय से मासी-भिकियासैंण-भतरौंजखान मार्ग के सुधारीकरण की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी नहीं सुनी जा रही है। उन्होंने कहा कि स्कूलों में शिक्षक और अस्पतालों में डाक्टर नहीं हैं।
सड़कों की दशा खराब है। उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र में यह हालत है तो अन्य जगह की स्थिति को खुद ही समझा जा सकता है।
उन्होंने सीएचसी भिकियासैंण में डाक्टरों की नियुक्ति करने, भिकियासैंण और भतरौंजखान महाविद्यालयों में शिक्षकों की तैनाती करने सहित अन्य समस्याओं के समाधान की मांग की।
प्रदर्शन करने और ज्ञापन देने वालों में अमर सिंह, हीरा सिंह, तारा दत्त शर्मा, आनंद सिंह मनराल, लीला बिष्ट, संतोष असनौड़ा, मनोहर सिंह बिष्ट, विश्वंभर लखचौरा,भूपाल रौतेला, भोला दत्त छिमवाल, हरीश बौड़ाई, मोहन राम, बहादुर आदि शामिल थे।