अपर जिलाधिकारी प्रकाश चंद्र ने बरसात के मौसम को देखते हुए पटवारियों और आपदा प्रबंधन सेवन डेस्क से जुड़े अधिकारियों को मोबाइल हमेशा खुले रखने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि सेवन डेस्क से जुड़े अधिकारी बिना अनुमति जिला नहीं छोड़ेंगेे। एडीएम कलक्ट्रेट सभागार में उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों की बैठक ले रहे थे।
उन्होंने कहा कि अधिकारी क्षेत्र भ्रमण के दौरान स्कूलों, सस्ता गल्ला दुकानों, निर्माण कार्यों, शराब की दुकानों की चेकिंग करें। मनोरंजन कर निरीक्षक वसूली में तेजी लाएं।
जिले की यातायात व्यवस्था पर चिंता जताते हुए पुलिस को ट्रेफिक नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए। एआरटीओ को पुलिस और उपजिलाधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण करने को कहा।
18 वर्ष से कम उम्र के वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। खाद्य निरीक्षक से कहा कि सब्जी, मीट, मिठाई की दुकानों का निरीक्षण करें।
एडीएम ने कहा कि रेस्टोरेंटों में शराब की अवैध बिक्री की शिकायत मिल रही है। ऐसे स्थानों को चिन्हित कर कार्रवाई करें।
लाइसेंसी शराब की दुकानों में निर्धारित दर से अधिक दर पर शराब बिक्री की शिकायतें भी प्राप्त हो रही हैं। एसडीएम सुनिश्चित कर लें की दुकानों में मूल्य सूची का बोर्ड लगा हो।
अन्यथा ऐसे शराब की दुकानों के खिलाफ कार्रवाई करें। विभिन्न न्यायालयों में लंबित वादों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई।
अधिकारियों को इस ओर विशेष ध्यान देने को कहा। बैठक में एसडीएम इला गिरि, अनिल चन्याल, रिंकू बिष्ट, एमएस नबियाल, एपी वाजपेयी, एनएस नगन्याल, वैभव गुप्ता आदि मौजूद थे।