अल्मोड़ा में मौन धरना देते समिति के लोग।
- फोटो : अमर उजाला
जिला विकास प्राधिकरण के विरोध में सर्वदलीय संघर्ष समिति ने चौघानपाटा स्थित गांधी पार्क में मौन धरना देकर प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। धरना स्थल पर हुई सभा में समिति के संयोजक निवर्तमान पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने कहा कि प्राधिकरण लागू हुए सात माह से अधिक का समय हो गया है। भारी विरोध के बावजूद अब तक न तो इसे समाप्त किया गया है और ना ही इसके कठोर नियमों में शिथिलता की गई।
डीडीए के लागू होने से जहां एक ओर जनता को भवन निर्माण में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है वहीं दूसरी ओर पलायन जैसी गंभीर समस्या भी पैदा हो रही है। समिति धरना प्रदर्शन के माध्यम से पिछले कई माह से प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन को चेता रही है, लेकिन अब तक कुछ भी नहीं हुआ है। वक्ताओं ने कहा कि पूर्व में कई बार प्रदेश के मुख्यमंत्री को जनहित में डीडीए को समाप्त करने की मांग को लेकर ज्ञापन दिए गए, लेकिन मुख्यमंत्री द्वारा जनहित में कोई भी कार्रवाई नहीं की।
बताया गया कि डीडीए को समाप्त करने की मांग को लेकर 18 जून को जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके बाद भी मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज कर दिया जाएगा। धरने पर समिति के संयोजक प्रकाश चंद्र जोशी, अख्तर हुसैन, हर्ष कनवाल, मनोज वर्मा, आनंद सिंह ऐरी, लक्ष्मण सिंह ऐठानी, आनंदी वर्मा, राजीव कर्नाटक, दीपांशु पांडे, लीला खोलिया, सुनयना मेहरा, मो. शब्बीर, ललित मोहन पंत, जमन सिंह देवड़ी, रमेश चंद्र आर्या, रघु राम, प्रताप सिंह सत्याल, मोहन सनवाल, दयासागर दुर्गापाल आदि बैठे।