बकाया भुगतान की मांग को लेकर सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ पालिका परिषद ने शनिवार को भी पालिका गेट पर धरना दिया। उन्होंने शंख, घंटे और कनस्तर बजाकर आक्रोश जताया। वक्ताओं ने कहा कि देयकों के भुगतान की मांग पर आंदोलन कर रहे सेवानिवृत्त कर्मियों के प्रति पालिका परिषद संवेदनशील नहीं है। आठ जून को नगर की बाजारों से होकर कलक्ट्रेट तक जुलूस निकालने का निर्णय लिया गया।
वक्ताओं ने लंबे समय बाद भी सेवानिवृत्त कर्मियों को पेंशन, ग्रेच्युटी, एरियर समेत बकाया भुगतान नहीं होने पर रोष जताया। उन्होंने कहा कि नौकरी के बाद पेंशन, फंड पर ही कर्मचारियों का परिवार निर्भर रहता है, लेकिन पालिका प्रशासन द्वारा सेवानिवृत्त कार्मिकों को देयकों का भुगतान नहीं करने से कर्मियों के परिवारों की हालत खस्ता हो गई है। सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने धरना स्थल पर शंख, घंटे और कनस्तर बजाकर आक्रोश जताया।
तय हुआ कि आठ जून को पालिका कार्यालय परिसर से कलक्ट्रेट तक जुलूस निकलेगा।
पालिका परिषद सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ ने व्यापार मंडल, जन संगठनों, राजनैतिक दलों के अलावा कर्मचारी संगठनों से जुलूस में शामिल होने का आग्रह किया है। अध्यक्षता सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ के अध्यक्ष भुवन चंद्र लोहनी ने की। धरने में मोहन सिंह, पूरन लाल, भुवन चंद्र पंत, कांती बल्लभ, तुलसी, रतिया, घसिटिया, विद्या, शकुंतला, लक्ष्मी, सुरेशी, इंद्रा, नवीन चंद्र आदि बैठे।