जनता मिलन कार्यक्रम में शिकायत सुनते डीएम नितिन सिंह भदौरिया ।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। प्रशासन के जनता मिलन कार्यक्रम में सात शिकायतें दर्ज हुई। डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने अधिकारियों को सात दिन के भीतर शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विभागों में लंबित शिकायतों नाराजगी जताई।
हवालबाग के छाना गांव में सिंचाई व्यवस्था नहीं होने की शिकायत पर डीएम ने लघुडाल के अधिकारियों को तत्काल मौके पर जाकर सिंचाई व्यवस्था सुचारु करने, ज्यूली गॉव में पेयजल व्यवस्था की शिकायत पर उन्होंने जल संस्थान के अधिकारियों को भी स्थलीय निरीक्षण कर पेयजल व्यवस्था सही करने को कहा। कुज्याड़ी से बसगांव मोटर मार्ग में अभी तक कार्य शुरू न होने की शिकायत पर अधिशासी अभियंता ने बताया कि इसके लिए आगणन शासन को प्रेषित कर दिया गया है। सीडीओ मनुज गोयल ने बताया कि नंदा गौरा योजना के अंतर्गत बजट उपलब्ध हो चुका है शीघ्र ही लाभार्थियों को कन्याधन की राशि आवंटित कर दी जाएगी।
दुगालखोला में क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की शिकायत पर डीएम ने अधिशासी अभियंता जल संस्थान को आवश्यक कार्रवाई के लिए कहा। असंगठित क्षेत्रों के मजदूरों को कम मजदूरी की शिकायत पर उन्होंने श्रम परिवर्तन अधिकारी को तत्काल ऐसे समस्त क्षेत्रों का भ्रमण करने के निर्देश दिए जहां पर निर्माण कार्य चल रहे हैं। इस मौके पर एसडीएम सीमा विश्वकर्मा, मोनिका, सीएमओ डॉ. विनीता साह, परियोजना निदेशक नरेश कुमार, डीडीओ केके पंत, सीईओ जगमोहन सोनी, कृषि अधिकारी प्रियंका सिंह, सहायक निबंधक सहकारिता राजेश चौहान आदि मौजूद रहे।