अल्मोड़ा। त्रिस्तरीय पंचायतों के खाली पदों पर उपचुनाव के लिए दो दिवसीय नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिले के ग्यारह ब्लाकों में प्रधानों के 34, ग्राम पंचायत सदस्यों के 5998 पद और धौलादेवी ब्लाक में बीडीसी सदस्य धूरा (अनुसूचित जाति महिला) के पद पर उपचुनाव होना है।
हवालबाग विकासखंड में पहले दिन प्रधान के पांच पदों के लिए दो और ग्राम पंचायत सदस्य के 710 पदों के लिए 191 नामांकन दाखिल हुए। ताकुला विकासखंड में ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए 51 नामांकन दाखिल हुए। धौलादेवी ब्लाक में धूरा बीडीसी सीट के लिए एक नामांकन हुआ। 388 वार्ड सदस्य पदों के लिए 100 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए हैं। भिकियासैंण ब्लाक में पहले दिन ग्राम प्रधान बेल्टी के लिए एक, वार्ड सदस्य पदों के लिए 135 नामांकन हुए। सल्ट ब्लाक में प्रधान के दो पदों के लिए एक नामांकन फार्म बिका। वार्ड सदस्य के 130 पदों के लिए 460 फार्म बिके, जबकि 280 नामांकन दाखिल हुए। भैंसियाछाना विकासखंड में पभ्या ग्राम प्रधान पद के लिए तीन और वार्ड सदस्य पदों के 227 पदों के लिए 69 नामांकन हुए।
उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू
रानीखेत (अल्मोड़ा)। ताड़ीखेत विकासखंड में प्रधान और पंचायत सदस्यों के रिक्त पदों पर उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह प्रक्रिया दो दिन तक चलेगी। पहले दिन प्रधान पद के लिए नामांकन नहीं हुए, जबकि वार्ड सदस्य के लिए 71 प्रत्याशियों ने नामांकन कराए। 11 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच, 12 को नाम वापसी और 19 नवंबर को मतदान होगा। 21 नवंबर को मतगणना के बाद परिणाम की घोषणा होगी। बता दें कि इस बार पंचायत चुनाव में ताड़ीखेत ब्लाक की पस्तौड़ावार, नैटी, सलोनी, डढोली, खड़खेत, पाली-नदुली सहित छह ग्रामसभाओं में प्रधान पद के लिए किसी ने भी दावेदारी नहीं की थी। यह गांव प्रधान विहीन थे। ग्राम पंचायत सदस्य के 825 पद भी अभी भी खाली हैं। उप चुनाव के लिए सोमवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। पहले दिन प्रधान पद के लिए किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन नहीं कराया। नैटी गांव के लिए प्रधान का एकमात्र आवेदन बिका। वार्ड मैंबर पद के लिए 71 उम्मीदवारों ने नामांकन कराए। बीडीओ आनंद राम ने बताया कि नामांकन कल मंगलवार को भी जारी रहेंगे।