जीबी पंत संस्थान में कैबिनेट बैठक की व्यवस्थाओं का जायजा लेते डीएम और एसएसपी।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा में बुधवार को दूसरी बार राज्य कैबिनेट की बैठक होने जा रही है। इससे पहले कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में भी मुख्यमंत्री हरीश रावत की कैबिनेट की बैठक भी अल्मोड़ा में हुई थी। जिला प्रशासन बैठक की तैयारियों में जुटा है। मंगलवार शाम को जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया और एसएसपी पीएन मीणा ने जीबी पंत संस्थान में जाकर बैठक की तैयारियों का जायजा लिया। केबिनेट की बैठक में अल्मोड़ा पेयजल पुनर्गठन योजना सहित अल्मोड़ा से जुड़ीं कई विकास योजनाओं को भी मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
कैबिनेट की बैठक के लिए मुख्यमंत्री सहित मंत्रीगण बुधवार सुबह ही हेलीकॉप्टर से अल्मोड़ा पहुंचेंगे। यह भी बताया गया है कि मुख्य सचिव सहित विभिन्न विभागों के सचिव भी हेलीकॉप्टरों से अल्मोड़ा आएंगे। केबिनेट की बैठक में अल्मोड़ा के विकास से जुड़े कुछ प्रस्तावों को भी मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
बताया गया है कि शासन से भी इस संबंध में कुछ प्रस्ताव मांगे गए थे जिन्हें जिला प्रशासन ने पहले ही भेज दिया है। कैबिनेट की बैठक में मुख्य रूप से अल्मोड़ा की पेयजल पुनर्गठन योजना, अल्मोड़ा की सीवरेज योजना, लोअर माल रोड से धारानौला के लिए टनल मार्ग, रानीखेत की सीवरेज योजना सहित कई प्रमुख योजनाओं को वित्तीय स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि बैठक की तैयारियां पूरी हो गई हैं। शाम को जिलाधिकारी और एसएसपी ने जीबी पंत हिमालयन पर्यावरण संस्थान का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को जायजा लिया। जिलाधिकारी ने मेडिकल कालेज का भी निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को जायजा लिया। उनके साथ संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत नरेंद्र सिंह भंडारी, संस्थान के निदेशक आरएस रावल, उपजिलाधिकारी सीमा विश्वकर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष पिल्खवाल आदि भी थे।