पुत्र की मौत की खबर सुन बेसुध मां।
- फोटो : अमर उजाला
गुना पौधार गांव निवासी 30 वर्षीय एक दवा विक्रेता ने बृहस्पतिवार दोपहर जहर खाकर जान दे दी। आनन-फानन में उसे अस्पताल लाया गया जहां युवक ने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों के अनुसार दवा विक्रेता के शरीर में जहरीला पदार्थ काफी मात्रा में घुल गया था। पुलिस ने इसे प्रेम प्रसंग का मामला बताते हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई करने की बात कही है।
जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार दोपहर जिला अस्पताल में कुछ लोग एक युवक पंकज सिंह बिष्ट पुत्र हरीश सिंह बिष्ट निवासी गुना पौधार को गंभीर हालत में लेकर पहुंचे। डॉक्टरी जांच के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल के डॉक्टर पीके लसपाल ने बताया कि युवक के शरीर में जहरीला पदार्थ ज्यादा मात्रा में चला गया था जिससे उसकी मौत हो गई। इस दौरान युवक के परिजन और अन्य लोग भी अस्पताल पहुंच गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी और एक छह साल का बच्चा भी है। इस दौरान अस्पताल में मृतक के परिजनों के अलावा काफी लोगों की भीड़ जमा हो गई। पंकज की धारानौला में दवा की दुकान थी। सुबह जल्दी दुकान खोलने के बाद वह कहीं चला गया। बाद में गोपालधारा के पास उसने जहरीला पदार्थ खाकर जीवन लीला समाप्त कर दी। स्थानीय लोग उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। इधर अस्पताल पहुंची मृतक की मां जवान बेटे की मौत की खबर सुनकर बेहोश हो गई।