अल्मोड़ा। तीन वर्ष से कम उम्र के बच्चों को सवारी में गिनने और ओवर सीट मानकर चालान करने के विरोध समेत नौ सूत्री मांगें पूरी नहीं होने से कुमाऊं मोटर ऑनर्स यूनियन लिमिटेड (केएमओयू) के आह्वान पर शुक्रवार से कुमाऊं मंडल में केमू की बसों का संचालन ठप रहेगा। केमू की हड़ताल के कारण यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। वहीं केमू को भी लाखों रुपये का घाटा झेलना पड़ेगा।
यूनियन के अध्यक्ष सुरेश सिंह डसीला और अधिशासी निदेशक महेश चंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि तीन वर्ष से कम उम्र के बच्चों का टिकट नहीं लिया जाता है। आरोप लगाया कि पुलिस इसे सवारी में गिनने के साथ ही ओवर सीट मानकर चालान कर रही है। चालान होने पर वाहन स्वामी और चालक पर आपराधिक केस दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस चौकियों में रूट चार्ट और अन्य वाहन संबंधी पत्रावलिया मांग कर वाहन को गंतव्य तक पहुंचाने में बिना वजह ही समय नष्ट किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि नौ सूत्री मांगों को लेकर 20 जुलाई से कुमाऊं मंडल में केमू की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू होगी। इस दौरान केमू की बसों का संचालन बंद रहेगा। कुमाऊं मंडल में प्रतिदिन 450 से अधिक केमू की बसों का संचालन होता है। पहाड़ के दुर्गम क्षेत्र तक केमू की बसें जाती है। हड़ताल के कारण दूरस्थ स्थानों को जाने वाले यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।