रेहड़ियों को जब्त कर ले जाती टीम।
- फोटो : अमर उजाला
छावनी परिषद, प्रशासन और पुलिस की टीम ने पर्यटन नगरी के बाजार से अतिक्रमण हटाने की कवायद शुरू कर दी है। एसएसपी के निर्देश के बाद हरकत में आई संयुक्त टीमों ने नगर में यातायात को बाधित कर रहे रेहड़ियों, साइन बोर्ड, टायर आदि को जब्त कर लिए। दुकानदारों को किसी भी हालत में सामान सड़क तक नहीं फैलाने की हिदायत दी।
मालूम हो कि गत दिनों एसएसपी पी रेणुका देवी ने पर्यटन नगरी के बाजार का निरीक्षण किया था। इस दौरान कई दुकानदारों का सामान सड़क तक फैला हुआ था, दूसरी तरफ पर्यटन सीजन चल रहा है। ऐसे में नगर की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसके बाद हरकत में आई छावनी परिषद, पुलिस की टीम ने नगर में संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाकर व्यापारियों को कड़ी हिदायत दी थी, लेकिन कई व्यापारी नहीं माने, अब संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया है। इस दौरान कई रेहड़ियों, दुकानों के आगे रखे टायरों, दूध की कैरेट सहित कई सामान जब्त कर लिया गया। चेतावनी दी कि यदि यातायात बाधित हुआ तो फिर से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बाद में कैंट प्रशासन की टीम ने उर्स समारोह क्षेत्र का भी निरीक्षण कर वहां पॉलिथीन की जांच की, कूड़ा इधर-उधर नहीं बिखेरने के निर्देश भी जारी किए गए। लोगों को स्वच्छता का पाठ भी पढ़ाया गया। इस दौरान स्वच्छता निरीक्षक एपी सिंह, कमल फर्त्याल, राजेंद्र पंत, कृपाल मेहरा, चंदन कुमार सहित तमाम लोग मौजूद थेे।