अल्मोड़ा। नगर निकाय चुनाव को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चलने लगी हैं। नगर पालिका अध्यक्ष पद सामान्य होने के बाद पार्टियों द्वारा अघोषित संभावित उम्मीदवार जनसंपर्क करने में जुट गए हैं। जातिगत समीकरण और वार्डों की जनसंख्या को ध्यान में रखते हुए अध्यक्ष और सभासद पद के उम्मीदवारों ने अपने चुनावी गणित बैठाने भी शुरू कर दिए हैं। अधिक मतदाता संख्या वाले वार्डों पर उम्मीदवार खासी नजर रखे हुए हैं। वहीं राजनीतिक पार्टियां भी कार्यकर्ताओं से फीड बैक लेने में जुट गई हैं।
इस बार नगर पालिका चुनाव में दावेदारों की संख्या ज्यादा है। हालांकि अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व द्वारा ही लिया जाएगा, लेकिन इसके बावजूद अध्यक्ष समेत पालिका सभासद की दौड़ में शामिल उम्मीदवारों ने लोगों से जनसंपर्क शुरू कर अपनी उम्मीदवारी पर मुहर लगानी शुरू कर दी है। खासकर अधिक मतदाता वाले वार्ड नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में अच्छे निर्णायक साबित होंगे।
नगर पालिका अल्मोड़ा में 13 वार्डों में कुल मतदाताओं की संख्या 23,793 दर्ज है। जिसमें 11,895 महिला और 11898 पुरुष मतदाता शामिल हैं। यानी महिला और पुरुष मतदाताओं का वर्चस्व लगभग बराबर है। सबसे ज्यादा मतदाता लक्ष्मेश्वर वार्ड में हैं। यहां 2828 मतदाताओं में से 1399 स्त्री और 1429 पुरुष मतदाता हैं। इसके अलावा सेलाखोला वार्ड में 1212, रामशिला में 1396, बद्रेश्वर में 1695, एनटीडी में 2255, त्रिपुरा सुंदरी में 1417, मुरली मनोहर वार्ड में 1769, बालेश्वर में 2566, विवेकानंदपुरी में 1216, राजपुरा में 1807, नंदादेवी में 2477, नये वार्ड रैलापानी में 1371 और दुगालखोला में 1784 मतदाता शामिल हैं।
वर्तमान स्थिति में भाजपा, कांग्रेस जैसी पार्टियों ने नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए अभी कोई फैसला नहीं किया है, लेकिन संभावित उम्मीदवार खुद को उम्मीदवार बनाए जाने के लिए अंतिम फैसला लेने पर पार्टी नेतृत्व पर जोर जरूर लगा रहे हैं। वहीं पार्टियां भी फीडबैक के लिए कार्यकर्ताओं से रायशुमारी लेने में जुट गई हैं। प्रत्याशियों के नामों पर लोग रेस्टोरेंटों, चौराहों और चाय की दुकान में खुलकर चर्चा भी करने लगे हैं।