अल्मोड़ा। एसडीएम विवेक राय ने रानीखेत राष्ट्रीय राजमार्ग में केंद्रीय विद्यालय के पास निर्माणाधीन कलमठ में लगाए गए बेकार पत्थर निकलवा दिए। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग खंड रानीखेत के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर निर्माणाधीन कलमठों में बेकार का पत्थर लगाने पर फटकार लगाई। उन्होंने अधिकारियों को कलमठ में मजबूत पत्थर लगाने के निर्देश दिए।
एसडीएम विवेक राय चुनाव कार्मिकों के प्रशिक्षण में भाग लेने हवालबाग जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर रानीखेत राष्ट्रीय राजमार्ग में केंद्रीय विद्यालय के पास निर्माणाधीन कलमठ निर्माण पर पड़ी। उन्होंने मौके पर जाकर देखा तो पता चला कि कलमठों में घटिया किस्म का पत्थर लगाया गया है।
एसडीएम राय ने राष्ट्रीय राजमार्ग खंड रानीखेत के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और अवर अभियंता को तुरंत मौके पर बुलाया और तीनों अधिकारियों से दो कलमठों में लगाए गए घटिया किस्म का पत्थर निकलवा दिए। उन्होंने अधिकारियों को कलमठों में अच्छा और टिकाऊ किस्म का पत्थर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में अधिकारियों को ईमानदारी और पारदर्शिता से काम करना चाहिए।