रानीखेत (अल्मोड़ा)। गनियाद्योली के पास तेज रफ्तार स्कूटी विपरीत दिशा से आ रही केमू की बस से टकरा गई। दुर्घटना में स्कूटी चालक युवक की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक अन्य युवक को एसटीएच हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कूटी तेज रफ्तार से जा रही थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नई स्कूटी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोग दोनों घायलों को निजी वाहन से यहां राजकीय अस्पताल लाए। लेकिन अस्पताल पहुंचाने से पहले ही स्कूटी चालक दम तोड़ चुका था। घटना देर शाम छह बजे की है।
मल्ला विशुवा गांव निवासी दीप चंद्र पुत्र नरी राम और नई बस्ती निवासी गौतम कुमार पुत्र स्व. नरी राम देर शाम रानीखेत से नई स्कूटी से गनियाद्योली को जा रहे थे। जैसे ही मारुति शो रूम पर पहुंचे, विपरीत दिशा से आ रही केमू बस संख्या यूके 02 पीए 0017 से जा भिड़ी। आसपास के लोग मौके की तरफ दौड़े। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्कूटी चालक तेज रफ्तार से चल रहे थे।
दुर्घटना में स्कूटी चालक नई बस्ती निवासी गौतम कुमार(21) पुत्र स्व. नरी राम की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। जबकि दूसरे घायल दीप चंद्र पुत्र नरी राम को गंभीर हालत में हल्द्वानी एसटीएच रेफर कर दिया गया है। अस्पताल के डॉ. कमल किशोर ने बताया कि दीप चंद्र के सिर में गंभीर चोटें हैं। गनियाद्योली से दोनों स्कूटी सवारों को राजेंद्र जोशी, जिला पंचायत सदस्य अमित पांडे आदि अपने निजी वाहन से रानीखेत अस्पताल लाए। एसएसआई धीरेंद्र पंत और एसआई मैरी पीटर भी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक के दो भाई और एक बहन है। वह नगर में एक दुकान में काम करता था।