अल्मोड़ा। जिले में खोले जा रहे अटल आदर्श स्कूलों में हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यमों में पढ़ाई होगी। शिक्षा विभाग की नए शिक्षा सत्र में अप्रैल से स्कूलों को संचालित करने की योजना है। अंग्रेजी माध्यम में कक्षाएं संचालित करने के लिए सीबीएसई मान्यता ली जाएगी, जबकि उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के तहत हिंदी माध्यम की मान्यता रहेगी।
अल्मोड़ा जिले में कुल 11 ब्लॉक हैं। प्रत्येक ब्लॉक में दो-दो अटल आदर्श स्कूल खोले जाने हैं। शिक्षा विभाग ने अटल आदर्श स्कूल स्थापित करने के लिए प्रत्येक विकासखंड में पूर्व से संचालित राजकीय इंटर कॉलेजों का चयन किया है। सीबीएसई के मानकों के अनुसार इन स्कूलों के पास 22 नाली भूमि (4500 वर्ग मीटर) भूमि होनी जरूरी है। इन स्कूलों में कक्षा छह से 12वीं तक अंग्रेजी और हिंदी माध्यम में अलग-अलग कक्षाएं संचालित होनी हैं। अंग्रेजी माध्यम में कक्षाएं संचालित करने के लिए शिक्षा विभाग सीबीएसई से मान्यता लेगा, जबकि हिंदी माध्यम के लिए उत्तराखंड शिक्षा बोर्ड से मान्यता रहेगी। इन स्कूलों में सीबीएसई स्कूलों की तरह सुविधाएं छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराई जाएंगी।
इन स्कूलों का किया गया चयन
ब्लॉक - स्कूल
ताड़ीखेत - जीआईसी ताड़ीखेत, भुजान
ताकुला - जीआईसी सलौंज, जीजीआईसी सोमेश्वर
हवालबाग - जीजीआईसी अल्मोड़ा, जीआईसी डीनापानी
द्वाराहाट - जीजीआईसी जालली, जीआईसी द्वाराहाट
भिकियासैंण - जीआईसी भिकियासैंण, जीआईसी चौनलिया
सल्ट - जीआईसी क्वैरला, जीआईसी भौनखाल
भैंसियाछाना - जीआईसी बाड़ेछीना, जीआईसी नौगांव-रीठागाड़
लमगड़ा - जीआईसी गंगानगर-मोतियापाथर, जीआईसी लमगड़ा
स्याल्दे - जीजीआईसी भरसोनी, जीआईसी स्याल्दे
चौखुटिया - जीजीआईसी चौखुटिया, जीआईसी मासी
धौलादेवी - जीआईसी भेटाबडोली, जीआईसी गुरुड़ाबांज
चयनित किए गए स्कूलों के प्रधानाचार्यों को स्कूल की भूमि के सभी अभिलेख दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं, ताकि स्कूलों को सीबीएसई की मान्यता मिलने में कोई दिक्कत न हो। इन स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाने वाले शिक्षकों की सूची भी तैयार की जा रही है।
- एचबी चंद, मुख्य शिक्षा अधिकारी, अल्मोड़ा।