जीआईसी चौमूधार के भवन की दीवार पर पड़ी दरार: अमर उजाला
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। एक तो विद्यालय में कक्षों की कमी। दूसरी तरफ बारिश के विद्यालय का पुराना भवन क्षतिग्रस्त। यह हाल है तहसील के सुदूरवर्ती जीआईसी चौमूधार का। कमी के चलते एक की कमरे में कई कक्षाओं का संचालन हो रहा है। जिससे पठन-पाठन प्रभावित होने लगा है। विद्यालय प्रबंधन समिति और पीटीए ने जिलाधिकारी से इस समस्या के समाधान के लिए गुहार लगाई है।
लगातार हो रही बारिश के कारण सुदूरवर्ती जीआईसी चौमूधार का पुराना भवन क्षतिग्रस्त हो गया है, इसके किसी भी समय गिरने की आशंका के चलते विद्यालय प्रशासन ने बच्चों को सुरक्षित कक्षाओं में शिफ्ट कर दिया है। पुराने भवन की दीवारों में लंबी-लंबी दरारें पड़ चुकी हैं।
बताया जा रहा है कि विद्यालय में कमरों की कमी है। जिस कारण मजबूरन एक ही क्लास में कई कक्षाओं का संचालन हो रहा है। जिसके चलते बच्चों का पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है। अभिभावक संघ के बैनर तले कई अभिभावकों ने भी विद्यालय भवन का निरीक्षण किया। इस पर गहरी चिंता जताई।
बाद में विद्यालय प्रबंधन समिति के साथ अभिभावक संघ ने मंत्रणा कर जिलाधिकारी को पत्र भेजा है। जिसमें कहा गया है कि किसी भी वक्त भवन जमींदोज हो सकता है और बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। उन्होंने जल्द से जल्द क्षतिग्रस्त विद्यालय भवन के जीर्णोद्धार की गुहार लगाई है। पत्र भेजने वालों में पीटीए अध्यक्ष हेमा देवी, भूपाल सिंह, एसएमसी अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, चंपा देवी, हेमा देवी, अनीता देवी आदि के हस्ताक्षर मौजूद हैं।