अल्मोड़ा। सीईओ एचबी चंद ने जिले के सभी खंड शिक्षा और उप शिक्षा अधिकारियों को समाज कल्याण विभाग की ओर से दी जाने वाली छात्रवृत्ति के लाभार्थी विद्यार्थियों का सत्यापन कार्य चार दिसंबर तक पूरा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
सीईओ चंद ने ब्लॉकों के खंड शिक्षा और उप शिक्षा अधिकारियों को पत्र भेजा है। इसमें बताया कि कुमाऊं आयुक्त अरविंद सिंह ह्यांकी ने पिछले दिनों विकास भवन में समीक्षा बैठक ली थी। इसमें छात्रवृत्ति के लाभार्थी विद्यार्थियों का सत्यापन समय पर पूर्ण न होने पर असंतोष व्यक्त किया। आयुक्त ने लाभार्थी छात्र-छात्राओं का सत्यापन कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए हैं। सीईओ ने कहा कि ब्लॉक के शिक्षा विभाग के अधिकारी सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों को निर्देशित करें कि जिला समाज कल्याण अधिकारी और ब्लॉक स्तर पर सहायक समाज कल्याण अधिकारी से तालमेल बना कर चार दिसंबर तक पात्र विद्यार्थियों के सत्यापन का कार्य पूर्ण करें और आख्या जिला समाज कल्याण अधिकारी और सीईओ को उपलब्ध कराएं। यदि किसी स्कूल, संकुल या विकासखंड में सत्यापन कार्य करने में कोई व्यवधान आ रहा है तो उनकी सूचना दें, ताकि समस्या का समाधान किया जा सके। सत्यापन कार्य अनिवार्य रूप से चार दिसंबर तक हर हाल में पूर्ण कर लें।