फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एसबीआई के एटीएम में बदमाशों का धावा

Sun, 28 Aug 2016 12:20 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला धौलछीना (अल्मोड़ा)।
विज्ञापन
एसबीआई के एटीएम में तोड़फोड़ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
धौलछीना (अल्मोड़ा)। बदमाशों ने शुक्रवार रात धौलछीना बाजार में स्थित एसबीआई के एटीएम को तोड़कर रुपये निकालने का प्रयास किया। बदमाशों ने एटीएम के भीतर का दरवाजा भी तोड़ डाला पर इसके बावजूद रुपये निकालने में सफल नहीं हो पाए। शाखा प्रबंधक ने राजस्व पुलिस में लिखित सूचना दी है। एटीएम के भीतर लोहे की दो छोटी सरिया भी बरामद हुई हैं जिसके जरिये बदमाशों ने एटीएम में तोड़फोड़ की।  
विज्ञापन


देर रात बदमाश एटीएम के भीतर घुस गए और उन्होंने एटीएम में लगे फ्रंट कैमरे में टेप चिपका दिया। इसके बाद उन्होंने एटीएम में सामने की तरफ से तोड़फोड़ की। जब सामने की तरफ से वह रुपये निकालने में सफल नहीं हुए तो वे एटीएम के भीतर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए।

फिर उन्होंने भीतर से भी एटीएम को तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन काफी तोड़फोड़ करने के बाद भी वह रुपये निकालने में सफल नहीं हो सके। यह एटीएम बीच बाजार में स्थित है, लेकिन रात के समय इस जगह पर ट्रक खड़े रहते हैं जिससे एटीएम दिखाई नहीं पड़ता। इसी का फायदा उठाकर बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
विज्ञापन


शनिवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर शाखा प्रबंधक ने राजस्व पुलिस को घटना की लिखित सूचना दी। राजस्व उप निरीक्षक जगदीश देवड़ी ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बदमाशों का शीघ्र पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।

एटीएम के भीतर सरिया के दो टुकड़े भी बरामद हुए हैं। जानकारी के अनुसार बदमाशों ने धौलछीना से कुछ दूर चुपड़ाथल में कृष्ण मंदिर से लगी एक दुकान में भी घुसने का प्रयास किया। इस बीच लोगों के शोर मचाने पर वह भाग गए। लोगों ने बताया कि कुछ दिन पहले बदमाशों ने धौलछीना में खड़ी एक ऑल्टो कार का इंजन खोलने का प्रयास किया था। 

धौलछीना (अल्मोड़ा)। बदमाशों ने एटीएम के फ्रंट कैमरे को टेप चिपकाकर बंद कर दिया, लेकिन शायद एटीएम के भीतर के दोनों कैमरों के बारे में बदमाशों को पता नहीं था। इन दोनों सीसीटीवी कैमरों में सभी फुटेज कैद हैं। जिनके सहारे राजस्व पुलिस आसानी से बदमाशों को खोज सकती है। राजस्व पुलिस ने बताया कि फुटेज देखने के बाद जांच आगे बढ़ाई जाएगी। 

धौलछीना (अल्मोड़ा)। एटीएम में तोड़फोड़ की वारदात से स्थानीय व्यापारियों में भय और आक्रोश है। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि शीघ्र ही एक शिष्टमंडल डीएम और एसएसपी से मुलाकात करके धौलछीना में थाना खोलने की मांग करेगा।

पूर्व में इसके लिए कई बार मांग की जा चुकी है, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। व्यापार मंडल अध्यक्ष दरबान सिंह रावत ने बताया कि हाल के दिनों में यहां कई घटनाएं हो चुकी हैं। अल्मोड़ा से लेकर सेराघाट के बीच करीब 62 किमी क्षेत्र में कोई थाना नहीं है। जिससे अराजक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने कहा है कि अपराधियों का शीघ्र पता लगाकर कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो शासन-प्रशासन के खिलाफ आंदोलन शुरू किया जाएगा।   
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें