अल्मोड़ा। तिरुपति में हुई ऑल इंडिया जूनियर बैडमिंटन प्रतियोगिता के अंडर-19 बालक एकल वर्ग में उत्तराखंड के लक्ष्य सेन ने स्वर्ण पद जीत कर प्रदेश का नाम रोशन किया। इसके अलावा उत्तराखंड के अन्य खिलाड़ियों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया।
उत्तराखंड स्टेट बैडमिंटन संघ के सचिव बीएस मनकोटी ने बताया कि फाइनल मैच में उत्तराखंड के लक्ष्य सेन ने एयर इंडिया के कनिष्क को 21-15 और 21-14 से सीधे सेटों से हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा कर लिया। मिश्रित युगल में उत्तराखंड ही की कुहू ने अपने जोड़ीदार ध्रुव कपिला (पंजाब) की जोड़ी के साथ रजत पदक जीता।
फाइनल में कुहू की जोड़ी तिलंगाना के कृष्णा प्रसाद, महिमा अग्रवाल की जोड़ी से 16-21, 14-21 से हारकर स्वर्ण पदक की दौड़ से बाहर हुई। उन्हें रजत पदक पर ही संतोष करना पड़ा। अंडर-17 के सेमी फाइनल में उत्तराखंड की उन्नति बिष्ट एयर इंडिया की प्राची जोशी से 16-21, 21-16 और 16-21 से पराजित हुई। उन्नति को ब्रांज मेडल मिला।
उन्होंने बताया कि लक्ष्य सेन फिलहाल प्रकाश पादुकोण अकादमी बंगलुरु तथा साई सेंटर अल्मोड़ा में कोचिंग ले रहे हैं। लक्ष्य ने हाल में ही एशियाई जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप बैंकाक में ब्रांज मेडल जीता था। कुहू गर्ग गोपीचंद अकादमी हैदराबाद में कोचिंग ले रही है।
उत्तराखंड के चिराग सेन, बोधित जोशी, उन्नति बिष्ट भी क्वार्टर फाइनल में पहुंचे थे। खिलाड़ियों और कोच डीके सेन की उपलब्धि पर विधायक मनोज तिवारी, सीडीओ प्रकाश चंद्र, जिला क्रीड़ाधिकारी सीएल वर्मा, मधु खाती, राम अवतार, प्रशांत जोशी, अनिल नैनवाल, सुरेश कर्नाटक, गोकुल मेहता, अमरनाथ रजवार, नंदन रावत, दीपक वर्मा आदि ने खुशी जताई है।