कपकोट (बागेश्वर)। युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से देहरादून में आयोजित विकसित भारत युवा संसद 2026 में कपकोट क्षेत्र की सरिता पंडा ने बागेश्वर का प्रतिनिधित्व किया है। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कपकोट की छात्रा की इस उपलब्धि पर शिक्षा जगत और स्थानीय लोगों ने हर्ष जताया है।
बीएससी जीव विज्ञान प्रथम सेमेस्टर की छात्रा सरिता के पहले क्लस्टर और फिर जिला स्तर के प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर राज्य स्तरीय युवा संसद के लिए चयन हुआ था। 26 मार्च 2026 को देहरादून में प्रदेश भर से मेधावियों ने भाग लिया जहां सरिता ने जिले की ओर से प्रभावी ढंग से अपनी बात रखी। सरिता की उपलब्धि पर प्राचार्य डॉ. मधुलिका पाठक, डॉ. बीसी तिवारी, दीपक कुमार आदि ने प्रसन्नता व्यक्त की है।