फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Almora News: सागर हत्याकांड... दोषी को कड़ी सजा के लिए एसएसपी दफ्तर पहुंचे ग्रामीण

Mon, 13 Jul 2026 11:37 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अल्मोड़ा
विज्ञापन
विज्ञापन
अल्मोड़ा। रानीखेत तहसील के ऐना गांव में हुए चर्चित सागर हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। अपनी शांत वादियों, स्वच्छ वातावरण और सौहार्दपूर्ण सामाजिक माहौल के लिए पहचानी जाने वाली रानीखेत तहसील में हुई इस जघन्य वारदात के बाद से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश और भय व्याप्त है।
विज्ञापन

सोमवार को इस हत्याकांड के विरोध में भारी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय पहुंचे। उन्होंने दोषी के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई करते हुए कड़ी से कड़ी सजा दिलाने और गांव में शांति व्यवस्था बहाल रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
इस पर एसएसपी चंद्रशेखर घोडके ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि मामले की जांच गंभीरता और निष्पक्षता से की जा रही है।उन्होंने बताया कि सीओ रानीखेत के मार्गदर्शन में पुलिस टीम सभी पहलुओं की जांच कर रही है। एसएसपी ने बताया कि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती भी की गई है।
विज्ञापन


इस मौके पर सिंगोली के ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह फर्त्याल, मनोज कुमार सती, गोपाल बिष्ट, कुंदन सिंह फर्त्याल, कविता बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य दीपक कन्नू शाह, आनंद सिंह बिष्ट आदि ग्रामीण मौजूद थे।


घायल युवती मामला: तेंदुए का हमला या कुछ और? पीड़िता के बयान का इंतजार
ऐना गांव में कुछ दिन पहले कथित तेंदुए के हमले में घायल मिली युवती के मामले में भी पुलिस ने जांच तेज कर दी है। एसएसपी चंद्रशेखर घोडके ने बताया कि पुलिस टीम गांव पहुंचकर स्थानीय लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है और मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पीड़िता के स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है। चिकित्सकों की अनुमति मिलने के बाद उसके बयान दर्ज किए जाएंगे जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि युवती के घायल मिलने की घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। वहीं, वन विभाग पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि प्रारंभिक जांच में तेंदुए के हमले के साक्ष्य नहीं मिले हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और पीड़िता के बयान दर्ज होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

बिनसर कांड के बाद सबसे बड़ी सनसनी, उठ रहे कई सवाल

संवाद न्यूज एजेंसी
रानीखेत (अल्मोड़ा)। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि वर्ष 2007 में बिनसर क्षेत्र में मंदिर के पुजारी की हत्या के बाद यह पहली ऐसी घटना है जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। गांवों से लेकर बाजारों तक हर तरफ इसी हत्याकांड की चर्चा है।
लोग इस बात पर हैरानी जता रहे हैं कि यदि प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार हत्या की वजह स्कूटी पर खरोंच लगने के बाद उपजा विवाद है, तो क्या इतनी छोटी सी बात पर किसी की जान ली जा सकती है? स्थानीय लोग इस घटना के पीछे अन्य पहलुओं की भी आशंका जता रहे हैं और हर एंगल से निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं ताकि पर्यटकों के बीच सुरक्षित माने जाने वाले इस क्षेत्र का भरोसा दोबारा कायम हो सके।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें