अल्मोड़ा। उत्तराखंड सरकार के संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व विशेष निशुल्क ट्रेन यात्रा-2026 के तहत जिले के चयनित 40 श्रद्धालुओं का दल रविवार रात देहरादून के लिए रवाना हुआ। रोडवेज बस स्टेशन से विधायक मनोज तिवारी, मेयर अजय वर्मा, दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट और मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा दल को विदा किया।
अल्मोड़ा से रवाना हुए श्रद्धालु देहरादून पहुंचेंगे। वहां मुख्यमंत्री विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर गुजरात स्थित प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ धाम के लिए रवाना करेंगे। यात्रा के दौरान उत्तराखंड के सभी 13 जिलों से पवित्र जल से भरे कलश भी सोमनाथ धाम भेजे जाएंगे। हर्रावाला से सोमनाथ तक संचालित इस विशेष निशुल्क धार्मिक एवं सांस्कृतिक यात्रा में चयनित श्रद्धालुओं के लिए वातानुकूलित (एसी) रेल यात्रा, आवास, भोजन और स्थानीय परिवहन की समस्त व्यवस्था राज्य सरकार की ओर से निशुल्क की गई है।