कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की बैठक लेते जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से सरकारी स्कूलों में रूपांतरण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने सोमवार को इस कार्यक्रम की समीक्षा की। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि रूपांतरण कार्यक्रम के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराएं। कलक्ट्रेट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी उन्होंने विकासखंडों के बीईओ और उपशिक्षाधिकारियों को भी निर्देश दिए। राशि आवंटित स्कूलों में शीघ्र कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि एसडीएम स्कूलों का भ्रमण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और कार्यों को समय से पूरा करवाएं। सभी ब्लॉकों से दो से तीन स्कूलों में इस कार्यक्रम के लिए प्रस्ताव भेजें। शीघ्र राशि जारी कर दी जाएगी। प्रत्येक ब्लॉक को तीन-तीन लाख रुपये जारी किए गए हैं। जिले के 11 ब्लॉकों में 75 स्कूलों का रूपांतरण कर लिया गया है। जल्दी ही यह संख्या 100 पहुंच जाएगी। उन्होंने बताया कि रूपांतरण कार्यक्रम के तहत स्कूलों में भौतिक संसाधन जुटाने के लिए सीएसआर फंड से गेल, ओएनजीसी संस्थाएं आगे आ रही हैं। आपदा मद के तहत भी स्कूलों में निर्माण कार्य होने हैं। इसका प्रस्ताव आपदा प्रबंधन कार्यालय को भेजें। बैठक में रमसा और सर्व शिक्षा अभियान के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। बैठक में उपस्थित कार्यदायी संस्थाओं ग्रामीण निर्माण विभाग, पेयजल संसाधन एवं निर्माण निगम रानीखेत के अधिकारियों को पूर्ण कार्यों को तत्काल विभाग को हस्तांतरित कर दें। बैठक में एसडीएम जैंती-भनोली मोनिका, डिप्टी कलेक्टर गौरव पांडे, सीईओ एचबी चंद, डीईओ हरीश रौतेला, सभी बीईओ, उपशिक्षाधिकारी, समन्वयक रूपांतरण विद्या कर्नाटक आदि रहे।