विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने धौलादेवी ब्लाक के दूरस्थ क्षेत्रों का भ्रमण किया। गुरुड़ा ग्राम पंचायत के तोक रतेड़ी में हुई सभा में उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने कई रोजगारपरक योजनाएं चलाई हैं। ग्रामीण योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनें। उन्होंने गांव को सड़क से जोड़ने का आश्वासन भी दिया।
उन्होंने कहा कि सरकार ने मेरा गांव मेरे वृक्ष, मेरी गाय मेरी गंगा सहित कई रोजगारपरक योजनाएं संचालित की हैं। जिसका लोगों को लाभ उठाना चाहिए। प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि राज्य गठन के पंद्रह साल में दो राष्ट्रीय दलों को प्रदेश में सरकार चलाने का मौका मिला है।
जनता को सरकारों के कार्यों का मूल्यांकन करते हुए जनहित में काम करने वाले लोगों के साथ जुड़ना चाहिए। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि कृषि, बागवानी, पशुपालन अपनाकर लोग आर्थिक स्तर ऊंचा उठा सकते हैं। सरकार ने हमारे बुजुर्ग हमारे तीर्थ योजना के तहत इस बार 25 हजार लोगों को चार धाम यात्रा करवाने का लक्ष्य रखा है।
उन्होंने कहा कि दूरस्थ रतेड़ी गांव को सड़क से जोड़ा जाएगा। कुंजवाल ने गांव के विकास कार्यों के लिए डेढ़ लाख रुपए देने की घोषणा की। इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख पीतांबर पांडे, दयाकृष्ण पांडे, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष एनडी भट्ट, नरेंद्र सिंह बनौला, तारा मेहरा, हरीश गैलाकोटी, वीरेंद्र बिष्ट, नंदन सिंह बिष्ट, बिहारी नंदन बहुगुणा, पान सिंह भंडारी, डीडी पांडे, पूजा पांडे आदि ने विचार रखे। संचालन नंदन सिंह बिष्ट और अध्यक्षता प्रधान बची सिंह ने की।