नैकणा-पैसिया, झिमार-बाजार पेयजल योजनाओं में हफ्तेभर से पेयजल आपूर्ति ठप है। पानी न मिलने से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को झिमार स्थित जल संस्थान के जेई कार्यालय में प्रदर्शन कर ताले जड़ दिए। उन्होंने विभाग से क्षेत्र में टैंकरों से पेयजल आपूर्ति करने की मांग की।
नैकणा-पैसिया और झिमार-बाजार पेयजल योजना से क्षेत्र के छह गांवों की पेयजलापूर्ति होती है। दोनों योजनाओं में सप्ताहभर से पानी की सप्लाई ठप है। इससे ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। नाराज ग्रामीण बुधवार को झिमार में जेई कार्यालय पहुंचे। उन्होंने विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर जेई कार्यालय में ताला जड़ दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि जेई क्षेत्र में नहीं आते। अपने कार्यालय में भी नहीं रहते हैं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से जेई की कार्यालय में तैनाती और वंचित क्षेत्रों में टैंकरों से पानी बंटवाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पेयजल आपूर्ति न होने से लोगों को दूरदराज स्थित जल स्रोतों से पानी जुटाना पड़ रहा है।
प्रदर्शन में जिला पंचायत सदस्य नारायण सिंह रावत, प्रहलाद रावत, नंदन बोरा, हरीश शर्मा, त्रिलोक सिंह, रमेश कुमार, देवी राम वर्मा, ऊर्बादत्त कांडपाल आदि मौजूद थे। इधर जल संस्थान के एई मनोज गंगवार ने बताया कि फील्ड में काम की व्यस्तता के चलते जेई कार्यालय में कम बैठते हैं। उन्होंने बताया कि वंचित क्षेत्रों में जल्द ही टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचाया जाएगा।