अल्मोड़ा। हवालबाग विकासखंड के सेक्टर सेकेंड के आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए बुधवार को पहुंची पोषण आहार की सप्लाई में बड़ी लापरवाही सामने आई। पूरक पोषण आहार योजना के तहत गर्भवतियों और बच्चों के लिए भेजे गए कई अंडे सड़े और कीड़े लगे पाए गए। मामला सामने आने के बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए अंडों की सप्लाई वापस कर दी।
जानकारी के अनुसार रुद्रपुर से हवालबाग सेक्टर सेकेंड के 46 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए अंडे, खजूर और केला चिप्स भेजे गए थे। यह सामग्री सिकुड़ा आंगनबाड़ी केंद्र पर पहुंचाई गई जहां विभिन्न केंद्रों की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पोषण आहार लेने पहुंची थीं।
कार्यकर्ताओं के अनुसार जैसे ही अंडों की ट्रे खोली गई उससे तेज सड़ी हुई बदबू फैल गई। कई अंडों पर बड़े-बड़े कीड़े दिखाई दिए। दुर्गंध इतनी अधिक थी कि कमरे में खड़ा होना तक मुश्किल हो गया। यह देख कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई और उन्होंने तुरंत विरोध शुरू कर दिया।
कुछ कार्यकर्ताओं ने शुरुआत में अपने हिस्से के अंडे रख लिए थे लेकिन खराब अंडों की जानकारी मिलने पर सभी ने अंडे वापस कर दिए। कार्यकर्ताओं का कहना था कि यदि ये अंडे आंगनबाड़ी केंद्रों में वितरित किए जाते तो गर्भवतियों, धात्री माताओं और छोटे बच्चों की सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता था।
हालांकि सप्लाई में आए खजूर और केला चिप्स सही हालत में पाए गए जिसके बाद उन्हें केंद्रों के लिए रख लिया गया। मामले के बाद पोषण आहार की गुणवत्ता और सप्लाई व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि इस मामले में जिला कार्यक्रम अधिकारी पितांबर प्रसाद से कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका फोन बंद रहा।
ट्रे में एकाध अंडे सड़े पाए गए। जिसको देखते हुए पूरी सप्लाई रोक दी गई है। संबंधित फर्म से इस मामले की शिकायत की गई है। - विनीता सक्सेना, बाल विकास परियोजना अधिकारी, अल्मोड़ा