करबला में जल निगम कर्मचारी के घर चोरों द्वारा तोड़ा गया ताला।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। करबला निवासी जल निगम कर्मचारी के सरकारी आवास से चोरों ने दिन दहाड़े घर में रखी नगदी उड़ा ली। चोरों ने इस दौरान आवास में फर्नीचर और अन्य सामान में भी तोड़-फोड़ की है। सूचना मिलने पर पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार करबला निवासी मोहन चंद्र भट्ट बीते शुक्रवार को अपने गांव गए हुए थे। इस दौरान आवास में उनके साथ रहने वाला पुत्र कैलाश भट्ट भी काम पर गया हुआ था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने दिन दहाड़े उनके आवास के दरवाजे का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। कैलाश भट्ट ने बताया कि घटना की जानकारी शाम को घर पहुंचने पर लगी। उनके कमरे का ताला और दरवाजा टूटा हुआ था। उन्होंने बताया कि चोर इस दौरान घर में रखे 700 रुपये के अलावा कई और महत्वपूर्ण कागजात चोरी कर ले गए। चोरों ने वहां रखे फर्नीचर में भी तोड़-फोड़ की। उन्होंने बताया कि उनके पिता के गांव से लौटने के बाद चोरी हुए सामान के बारे में पता चल पाएगा। घटना की जानकारी देने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इधर दिन दहाड़े चोरी की घटना से करबला के लोग भी सकते में हैं।