दिल्ली से मानिला आ रही उत्तराखंड परिवहन निगम की बस शनिवार की सुबह सात बजे तल्ला मानिला मंदिर के पास एक वाहन को ओवरटेक करते समय सड़क से नीचे जा गिरी। संयोग से कुछ दूरी में जाकर बस पेड़ों में अटक गई। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। दुर्घटना में कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। साथ ही बस के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।
शनिवार को उत्तराखंड परिवहन निगम की बस संख्या यूके 07-पीए-3160 दिल्ली से मानिला की तरफ आ रही थी। उस वक्त बस में 11 यात्री सवार थे। सुबह करीब सात बजे तल्ला मानिला मंदिर के पास रोडवेज की बस एक अन्य बस को ओवरटेक करते समय अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी, लेकिन कुछ दूरी में जाकर बस पेड़ों में अटक गई। दुर्घटना में कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आईं। यात्रियों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने यात्रियों को सड़क में पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यदि बस पेड़ों में नहीं अटकती तो बड़ा हादसा हो सकता था।