दन्यां (अल्मोड़ा)। रविवार सुबह हुई बारिश के चलते मलबा जमा हो जाने से भनोली तहसील में अल्मोड़ा-घाट समेत आधा दर्जन सड़कें बंद हो गई। इससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों में यात्री फंसे रहे। लोनिवि ने जेसीबी लगाकर सड़कों से काम चलाऊ मलबा हटाया। दस घंटे बाद सभी सड़कों में यातायात सुचारु हो सका।
रविवार सुबह जोरदार बारिश हुई। बारिश के चलते पहाड़ियाें से बह कर आए मलबे के ढेर सड़कों पर कई स्थानों पर जमा हो गए। भारी मलबा आ जाने से अल्मोड़ा-घाट, दन्यां-आरा सल्पड़, चौंसाला-चिल, हनुमानगढ़ी-रोल-गल्ली, खेती-मलांण, सिमलखेत-भनोली काफलीखान-भनोली आदि सड़कें बंद हो गई।
अल्मोड़ा-घाट मार्ग में कांडानौला से पनार तक तीन दर्जन से अधिक स्थानों पर मलबे के ढेर जमा हो गए। सड़कों में मलबा आ जाने से दोनों तरफ वाहन फंसे रहे। लोनिवि निर्माण खंड के ईई श्याम दत्त पांडे ने बताया कि अधिकांश सड़कें सुबह छह बजे बंद हो गई थीं।
जेसीबी से कामचलाऊ मलबा हटाकर कर अल्मोड़ा-घाट सड़क में यातायात सुचारु कर दिया गया है। इसके अलावा अन्य बंद सड़कों को भी शाम चार बजे खोल दिया गया है। उन्होंने बताया कि मलबा हटाने को विभाग की जेसीबी मशीनें संवेदनशील स्थानों पर तैनात की गई हैं, ताकि बंद होने पर सड़कों को जल्द खोला जा सके।