चौखुटिया में महाविद्यालय की सड़क बाधित होने पर एक छोर पर खड़े होकर अवरोध दूर होने का इंतजार करते ?
- फोटो : ALMORA
चौखुटिया (अल्मोड़ा)। मुआवजा न मिलने से आक्रोशित ग्राम पंचायत दिगौत निवासी ग्रामीण ने राजकीय महाविद्यालय की सड़क पर तारबाड़ कर रास्ता रोक दिया। इसके चलते करीब डेढ़ घंटे तक स्टाफ और छात्राओं आदि का आवागमन ठप हो गया। बाद में सूचना पर पहुंचे एसडीएम और तहसीलदार ने तारबाड़ ध्वस्त कर आवागमन शुरू करवाया।
राजकीय महाविद्यालय चौखुटिया के स्टाफ और छात्राओं आदि को बृहस्पतिवार सुबह कॉलेज जाने वाली सड़क बंद मिली। उस पर तारबाड़ लगाई गई थी। प्रभारी प्राचार्य डॉ. सिराज अहमद ने बताया कि ग्राम पंचायत दीगौत निवासी कैलाश भट्ट ने मुआवजे के लिए तारबाड़ की है। प्राचार्य की सूचना पर दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे एसडीएम आरके पांडे और तहसीलदार सतीश बर्थवाल ने तारबाड़ हटाकर कॉलेज का रास्ता खुलवाया। तभी करीब 11:30 बजे स्कूल स्टाफ आदि कॉलेज में प्रवेश कर सके।
कैलाश भट्ट ने की न्याय की गुहार
चौखुटिया (अल्मोड़ा)। जमीन के मुआवजे की मांग को लेकर तारबाड़ करने वाले कैलाश भट्ट ने बताया कि वह इस मामले को लेकर पिछले पांच साल से गुहार लगा रहे हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उनका कहना है कि बिना उनकी अनुमति के उनकी भूमि पर सड़क बना दी गई है। उनका कहना है कि उन्हें उनकी भूमि का मुआवजा दिया जाए। यदि मुआवजा नहीं दिया जाता है तो गांव के चार गरीब युवाओं को नौकरी दी जाए। संवाद
सरकारी संस्थान का रास्ता बाधित करना बहुत गंभीर मामला है। संबंधित व्यक्ति को कोई समस्या थी तो वह उनके कार्यालय में आकर बता सकते थे। बहरहाल जल्द ही संबंधित भूमि का सीमांकन किया जाएगा। यदि वास्तव में मुआवजा नहीं मिला होगा तो उसके लिए शासन को रिपोर्ट बनाकर उचित कार्रवाई की जाएगी।
- आरके पांडे, उपजिलाधिकारी, चौखुटिया।