पुलिस कार्य का बहिष्कार करेंगे राजस्व कर्मचारी
- फोटो : अमर उजाला
अल्मोड़ा। पर्वतीय राजस्व पुलिस संवर्गीय कर्मचारी महासंघ ने 13 नवंबर से पुलिस कार्य का बहिष्कार करने की चेतावनी दी है। महासंघ की जिला शाखा की बैठक में समान कार्य का समान वेतन, न्यायिक कार्यों में समुचित पैरवी के लिए संरक्षण और सिविल पुलिस की तर्ज पर संसाधन उपलब्ध न कराने पर रोष जताते हुए मांग पूरी होने तक तहसीलों में पुलिस कार्य न करने का निर्णय लिया।
उन्होंने सदस्यों के खिलाफ पुलिस और प्रशासन की ओर से दबाव या उत्पीड़न किए जाने पर सामूहिक रूप से इस्तीफा देने की चेतावनी दी है। तहसील सभागार में हुई बैठक में राजेंद्र गिरी गोस्वामी ने तहसील भनोली के राजस्व उपनिरीक्षक चंदन सिंह मेहरा का उत्पीड़न करने पर रोष व्यक्त किया। उनके मामले की पैरवी विभागीय तौर पर करते हुए न्याय दिलाने की मांग की।
वक्ताओं ने शासनादेशानुसार महिला संबंधी अपराध महिला थानों से करवाए जाने के बावजूद संवर्गीय कर्मचारियों से कराए जाने पर विरोध जताया। उन्होंने समान कार्य का समान वेतन देने, न्यायिक कार्यों में समुचित पैरवी के लिए संरक्षण देने और सिविल पुलिस की तर्ज पर संसाधन उपलब्ध कराने की मांग करते हुए समस्याओं का समाधान जल्द पूरा न होने पर 13 नवंबर से पुलिस कार्य न करने की चेतावनी दी।
उन्होंने सदस्यों के खिलाफ दबाव या उत्पीड़न किए जाने पर सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी दी है। बैठक में संरक्षक इंद्र सिंह मेहता, मंडल अध्यक्ष कमाल अशरफ, जिला सचिव सुरेश बिष्ट, उपाध्यक्ष विपिन मठपाल, हेम पांडे, मोहन गिरी, वनिता मेर, कैलाश बिष्ट, ईशा नवाब, विनोद टोलिया, दीपक वर्मा, नरेंद्र बिष्ट, हयात गिरी आदि थे।