अल्मोड़ा में ईवीएम जमा करातीं पोलिंग पार्टियां।
- फोटो : अमर उजाला
जिले की छह विधानसभा में 863 मतदेय स्थलों से सभी पोलिंग पार्टियां बृहस्पतिवार सुबह तक जिला मुख्यालय पहुंच चुकी हैं। सामान्य प्रेक्षक प्रियंक भारती, स्नेहलता पवार और जिला निर्वाचन अधिकारी सविन बंसल की मौजूदगी में सभी ईवीएम मशीनों को तीन स्तरीय सुरक्षा के बीच मतगणना स्थल होटल मैनेजमेंट संस्थान में बने स्ट्रांग रूम में रख दिया गया है।
जिले की अल्मोड़ा, सोमेश्वर, जागेश्वर, रानीखेत, सल्ट और द्वाराहाट सीट के 863 सभी मतदेय स्थलों से पोलिंग पार्टियां अल्मोड़ा स्थित मतगणना स्थल होटल मैनेजमेंट संस्थान में पहुंच चुकी हैं। सामान्य पर्यवेक्षक और जिला निर्वाचन अधिकारी की मौजूदगी में भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ईवीएम मशीनों को मतगणना स्थल में बने स्ट्रांग रूम में रख दिया गया है। 11 मार्च को मतगणना के दिन स्ट्रांग रूम खुलने के बाद सभी सीटों के ईवीएम की मतगणना की जाएगी। मतगणना स्थल को त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था में रखा गया है।
पहले चरण में पुलिस और दूसरे तथा तीसरे चरण में एसएसबी के जवान सुरक्षा पर तैनात किए गए हैं। इस मौके पर सामान्य प्रेक्षक प्रियंक भारती और स्नेहलता पंवार ने प्रत्याशियों के अभिकर्ताओं की मौजूदगी में पीठासीन अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत रिर्पोट भी देखी। सामान्य प्रेक्षक और जिला निर्वाचन अधिकारी सविन बंसल ने शांति पूर्ण चुनाव संपन्न होने के लिए अधिकारियों, सुरक्षा बलों, कर्मचारियों और आम मतदाताओं को बधाई दी।