केएमवीएन अध्यक्ष का स्वागत करते भाजपाई।
- फोटो : अमर उजाला
कुमाऊं मंडल विकास निगम के अध्यक्ष केदार जोशी ने कहा है कि केएमवीएन को घाटे से उबारने के लिए हर संभव प्रयास चल रहे हैं। कुमाऊं मंडल के सभी टीआरएच (टूरिस्ट रेस्ट हाउस) को अब होटल के रूप में विकसित किया जाएगा। पहाड़ से पलायन रोकने के लिए युवाओं को पर्यटन व्यवसाय से जोड़ा जा रहा है। इसके लिए सरकार की तरफ से भरसक प्रयास चल रहे हैं।
यहां पत्रकार वार्ता में जोशी ने कहा कि कुमाऊं मंडल विकास निगम को घाटे से उबारने के प्रयास शुरू हो गए हैं। कुमाऊं में केएमवीएन के 42 रेस्ट हाउस हैं, सभी को होटल के रूप में विकसित करने की योजना है। कहा कि पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्य चल रहा है। होम स्टे योजना को सीधे प्रधानमंत्री ग्रामीण योजना से जोड़ा जा रहा है। इससे पहले जोशी का पहली बार यहां पहुंचने पर स्वागत किया गया। जिला महामंत्री प्रेम शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया।
छावनी उपाध्यक्ष मोहन नेगी ने रानीखेत को नगर पालिका बनाने की मांग उठाई। जोशी ने कहा कि सिविल एरिया को कैंट क्षेत्र से अलग करने के लिए वह राज्य और केंद्र सरकार से वार्ता करेंगे। कार्यक्रम में ज्योति शाह मिश्रा, विनोद भार्गव, सभासद विनोद चंद्र, हंसादत्त बवाड़ी, ध्यान सिंह नेगी, शकील अहमद, पूर्व जिलाध्यक्ष दीप भगत सहित तमाम लोग मौजूद रहे।