पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर अधिकारी-कर्मचारी एकीकृत मंच के बैनर तले विभिन्न विभागों के सैकड़ों कर्मचारियों ने बाजार में जुलूस निकाला और बाद में तहसील कार्यालय में प्रदर्शन किया। उन्होंने उपजिलाधिकारी राहुल शाह के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भी भेजा।
विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, शिक्षकों ने पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर राजकीय इंटर कॉलेज भिकियासैंण के मैदान से जुलूस निकाला। कर्मचारी जो पुरानी पेंशन लागू करेगा वही भारत पर राज करेगा आदि नारे लगाते चल रहे थे। जुलूस में शामिल कर्मचारियों ने तहसील कार्यालय पहुंचकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि 2005 से नियुक्त सरकारी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन के बजाय नई पेंशन का झुनझुना थमा दिया गया।
ज्ञापन में कहा गया है कि नई पेंशन कर्मचारियों के बुढ़ापे को अंधकारमय बनाने वाली है। उन्होंने कहा चुने गए सांसद और विधायकों को पांच साल के कार्यकाल के बाद ही पेंशन मिल जाती है लेकिन कर्मचारियों को लंबी अवधि तक सेवा करने के बाद भी नाम मात्र की पेंशन दी जाती है। जुलूस प्रदर्शन में पुरानी पेंशन बहाली मंच के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश जोशी, राजेंद्रसिंह घुघत्याल, अखिलेश बिष्ट, तुषार,नवीन जोशी, नवीन टम्टा, भूपेंद्र अधिकारी, भगवती मावड़ी, नीमा,कमलारानी, जमुना राणा, एकता रस्तोगी, कमला, आलोक राय, हरीनंदन, वीरेंद्रसिंह, कमलेश पांडे, पंकज फर्त्याल, गौरव रावत, गोपाल असवाल, हरिभूषण, मुकेश नयाल आदि शामिल थे।