अल्मोड़ा। उत्तराखंड पूर्व सैनिक लीग की मंगलवार को कचहरी बाजार स्थित लीग कार्यालय सभागार में बैठक हुई। वक्ताओं ने कहा कि जिला प्रभारी मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के अल्मोड़ा दौरे के दौरान पूर्व सैनिकों को न तो उचित सम्मान दिया गया और न ही आमंत्रित किया गया जो कि बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
ईसीएचएस पाॅलीक्लीनिक के प्रभारी अधिकारी कर्नल मनीष खन्ना ने पूर्व सैनिकों को दवाओं के अत्यधिक सेवन से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि लोग योग, प्राणायाम और अच्छे खानपान को जीवन में ढालें। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि पूर्व सैनिक विधवाओं की ईसीएचएस से जुड़ी समस्याओं का तुरंत निवारण किया जा रहा है। पूर्व सैनिकों ने कहा कि क्वारब बाईपास पर मलबा गिरने और कैंची धाम में जाम के कारण पहाड़ के तीन जिलों के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जाम के कारण अल्मोड़ा से हल्द्वानी पहुंचने में 10 से 12 घंटे का समय लग रहा है। नगर के पठाल बाजार में दोपहिया वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। लीग के अध्यक्ष दिनेश चंद्र तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में एसके जोशी, एएस बोरा, एचसी जोशी, पीसी लोहनी, एमसी वर्मा, आरसी पंत, एनसी जोशी, आरएस शाही, एमएस बिष्ट, पीएस मेहता आदि मौजूद रहे।