सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। शनिवार सायं हुई बारिश से क्षेत्र में कई घरों और दुकानों में मलबा घुसने से नुकसान हुआ है। पडोलिया और लखनाड़ी गांव की पेयजल योजना क्षतिग्रस्त होने से इन दोनों गांवों की पानी की आपूर्ति ठप पड़ी है। वृषभेश्वर मंदिर के धर्मशाला की दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे मंदिर को भी खतरा हो गया है।
गत सायं हुई क्षेत्र में बारिश से काफी नुकसान हुआ है। चनौदा में सज्जन लाल वर्मा की दुकान, हरीश भाकुनी, हीरा भाकुनी के मकान में मलबा घुस गया। धौलाड़ में मदन मोहन मालवीय, दिनेश जोशी, अनिल कुमार और किशन राम के मकान, मनोज जोशी के खेत में काफी मलबा घुस गया है। फल्यांटी में जीवन राम, मोहन राम, नंदन सिंह, गिरीश सिंह, जोगाराम, भोपाल राम के घरों में भी मलबा पहुंच गया।
पल्यूड़ा हट्यूड़ा में किशन सिंह का मकान बारिश से क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके अलावा पडोलिया और लखनाड़ी गांव की पेयजल योजनाएं क्षतिग्रस्त हो गई हैं और इन दोनों गांवों की पानी आपूर्ति ठप हो गई है। वृषभेश्वर मंदिर की धर्मशाला की दीवार भी टूट गई है। चनौदा के समीप बिजली कर्मी मनोज भट्ट की बाइक गत दिवस हुई बारिश के बाद आए मलबे में दब गई। आज जब जेसीबी मशीन से मलबा हटाया गया। इसके बाद बाइक मलबे से निकाली गई।