अल्मोड़ा। जिलाधिकारी सविन बंसल ने आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी अधिकारियों को आगामी मानसून सत्र के मद्देनजर सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। अधिकारियों की बैठक में जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी से कहा कि आगामी तीन माह के लिए खाद्यान्न का अतिरिक्त कोटा गोदामों में रखवा लें, ताकि बरसात के मौसम में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने बरसात में बंद पड़ी सड़कों को खोलने के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को पर्याप्त संख्या में डोजर, जेसीबी समेत गैंगमेटों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को आपदा प्रबंधन की तैयारियों, बाढ़ नियंत्रण, भू कटान को लेकर भी सतर्क रहने को कहा। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में दवाईयों का भंडारण करने के निर्देश दिए ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। पेयजल विभाग के अधिकारियों को पानी की लाइनों को ठीक करने के साथ ही पेयजल टैंकों में दवाइयों का छिड़काव कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिला शिक्षाधिकारी से कहा कि जिन स्कूलों के भवन जीर्ण-शीर्ण हालत में हैं उन्हें चिहिन्त कर लिया जाए। विद्यार्थियों के बैठने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। पशुपालन, कृषि, उद्यान, वन, विद्युत विभाग से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक केएस नगन्याल, मुख्य विकास अधिकारी प्रकाश चंद्र, अपर जिलाधिकारी ईला गिरी, आपदा प्रबंधन अधिकारी राकेश जोशी आदि मौजूद थे।