अल्मोड़ा। विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने कहा है कि कपिलेश्वर धाम को धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। श्री कुंजवाल लमगड़ा ब्लॉक के अंतर्गत कपिलेश्वर धाम को जोड़ने वाले सत्यों-कपिलेश्वर मार्ग के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे।
श्री कुंजवाल ने कहा कि कत्युरी शासनकाल में निर्मित पौराणिक कपिलेश्वर धाम (भगवान शंकर का मंदिर) की विशेष धार्मिक महत्ता है। इस 10 किमी लंबी सड़क के बनने से कत्यों, उरेटी, रैलाकोट, सिमल्टी, सैजा, भाटकोट, कपिलेश्वर, बेसीमा, गाज के ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। मौना-कपिलेश्वर सड़क का निर्माण होने के बाद यह मंदिर चारों ओर से सड़क से जुड़ जाएगा। नैनीताल जिले के मौना से मंदिर तक सड़क बनने से वहां से आने वाले लोगों को सुविधा होगी।
विशिष्ट अतिथि विधायक मनोज तिवारी ने प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी और लोगों से लाभ उठाने का आह्वान किया। इस अवसर पर जादूगर शेखर जोशी ने विभिन्न कार्यक्रम पेश किए। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। विधानसभा अध्यक्ष और विधायक ने मंदिर में पूजा अर्चना भी की।
ब्लॉक प्रमुख कमला आर्या की अध्यक्षता में हुई सभा में पूर्व प्रमुख महेंद्र मेर, प्रधान संगठन अध्यक्ष शिव राम आर्या, जिला पंचायत सदस्य दीपा सतवाल, ब्लाकश अध्यक्ष दीवान सतवाल, रमेश मेलकानी, अनिल मेर, चंदन कुमाऊंनी, हीरा गिरि गोस्वामी आदि ने विचार रखे। इससे पहले क्षेत्र के लोगों ने ढोल नगाड़ों और छोलिया नृतक दल के साथ विधानसभा अध्यक्ष का स्वागत किया।