अल्मोड़ा। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ और संवेदनशील बनाए जाने के उद्देश्य से गठित रेफरल मॉनिटरिंग समिति की जिला कार्यालय में समीक्षा बैठक हुई। इस दौरान जिले के विभिन्न अस्पतालों से प्रस्तुत किए गए सभी रेफरल प्रकरणों की एक-एक कर विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने रेफरल से संबंधित प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार और समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेफर किए गए प्रत्येक मरीज का रेफरल के पश्चात भी फॉलोअप और अपडेट अनिवार्य रूप से लिया जाए। इसके लिए मरीज व उनके परिजनों का संपर्क नंबर रिकॉर्ड में रखा जाए। मरीज को रेफर करने से पूर्व यह सुनिश्चित कर लिया जाए कि जिस चिकित्सालय में मरीज को भेजा जा रहा है, वहां संबंधित उपचार की सुविधा उपलब्ध हो। उन्होंने बेस अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए कि अस्पताल में आई बैंक स्थापित करने तथा उसके संचालन के लिए कार्ययोजना बनाई जाए। वहां मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन चंद्र तिवारी, जिला अस्पताल के पीएमएस डॉ. एचसी गड़कोटी, सहित अन्य संबंधित अधिकारी तथा वर्चुअली माध्यम से जिले के अन्य अस्पतालों के प्रभारी चिकित्सक मौजूद रहे।