कुमाऊं रेजीमेंट केंद्र की यूनिट हेडक्वार्टर कोटा की तीन दिवसीय भर्ती रैली मंगलवार से सोमनाथ मैदान में शुरू होगी। भर्ती के लिए सैकड़ों युवक रानीखेत पहुंच गए हैं। प्रशासन ने रंगोली हॉल और मिशन इंटर कालेज में युवकों के ठहरने की व्यवस्था की थी, लेकिन युवाओं की भीड़ के आगे प्रशासन के इंतजाम नाकाफी साबित हुए। नतीजतन युवाओं को फुटपाथ पर रात गुजारनी पड़ी।
मंगलवार से प्रस्तावित केआरसी यूनिट हेडक्वार्टर कोटा की भर्ती रैली के लिए उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के युवा पहुंचे हैं। नगर के होटलों के आगे युवकों की भारी भीड़ देखी गई। हालांकि पुलिस ने होटल-रेस्टोरेंट मालिकों और टैक्सी चालकों को मनमाने दाम नहीं वसूलने की हिदायत दी है। नगर के पार्कों, धर्मशालाओं में भी भीड़ बढ़ चुकी है। कोतवाल पूरन लाल वर्मा ने बताया अव्यवस्था पर पुलिस की पैनी निगाह है। नियमित रूप से पुलिस के सिपाही गश्त लगाएंगे। इधर, एसडीएम एपी बाजपेयी ने शहरवासियों से भी सहयोग की अपील की है। युवाओं को सुविधा देने की हर संभव कोशिश की जा रही है।
भर्ती सोमनाथ मैदान में सुबह छह बजे से शुरू हो जाएगी। आठ अप्रैल को यूपी और उत्तराखंड के युवाओं को छोड़ अन्य राज्यों के युवक सामान्य ड्यूटी के लिए दौड़ में किस्मत आजमाएंगे। नौ अप्रैल को ट्रेडमैन और क्लर्क पदों के लिए दौड़ होगी। इधर, कुमाऊं रेजीमेंट केंद्र भी भर्ती की तैयारियों में जुट गया है।