सौनी देवलीखेत में प्राइजमनी क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल आरसीसी रानीखेत की टीम के नाम रहा। टीम ने फाइनल में रानीखेत की डेयरी इलेवन को 15 रनों से हराकर पुरस्कार स्वरूप 15 हजार की नकदी और ट्राफी पर कब्जा जमाया। पुरस्कार वितरित करते हुए मुख्य अतिथि हिमांशु उपाध्याय ने खेलों को स्वस्थ मनोरंजन के लिए आवश्यक बताया और खिलाड़ियों की खेलभावना की सराहना भी की। द्वाराहाट के उटौड़ा में नाइन ए साइड क्रिकेट प्रतियोगिता जारी है।
जीआईसी देवलीखेत के मैदान में आयोजित चैंपियन ट्राफी क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में रानीखेत की आरसीसी और रानीखेत की ही डेयरी इलेवन की टीमें फाइनल में भिड़ी। पहले खेलते हुए आरसीसी ने पुष्कर के 29 रनों से 20 ओवर में 92 रन बनाए। जवाब में डेयरी इलेवन की टीम 15वें ओवर में मात्र 77 रनों पर सिमट गई ।
मुख्य अतिथि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के अध्यक्ष हिमांशु उपाध्याय सहित अन्य अतिथियों ने पुरस्कार बांटे। प्रतियोगिता के समापन पर आयोजक दिग्दर्शन सिंह रावत आदि ने सभी का आभार जताया। इस अवसर पर विक्रम सिंह, महावीर, राजू, मोहन सहित तमाम लोग मौजूद थे। उधर द्वाराहाट के उटौड़ा में चल रही चैंपियन ट्राफी नाइन ए साइड क्रिकेट प्रतियोगिता में स्टार क्लब और यंग स्टार बिजेपुर की टीमें फाइनल में पहुंच गई हैं।