अल्मोड़ा। वन नेशन वन राशन कार्ड योजना के लिए जिले के राशन कार्डों को ऑनलाइन करने के लिए अब अंतिम तिथि भी समाप्त हो गई है लेकिन अब भी जिले के 3428 राशन कार्ड ऑनलाइन नहीं हो पाए हैं। इसमें अपडेट न होने वाले राशन कार्डधारकों को चिह्नित कर उनके कार्ड निरस्त किए जाएंगे।
जिले में कुल 1.49 लाख राशन कार्डधारक हैं। इनमें से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा (एनएफएस) के तहत करीब 81 हजार परिवारों के राशन कार्ड बने हैं। इनमें सभी के राशन कार्ड ऑनलाइन अपडेट होकर आधार से जुड़ने जरूरी हैं लेकिन विभाग की ओर से कई बार निर्देश देने के बावजूद कई कार्ड ऑनलाइन अपडेट नहीं हो सके हैं। मात्र एनएफएस के तहत ही 81 हजार कार्डों में से 3428 कार्ड धारकों के ऑनलाइन अपडेट नहीं हो पाए हैं। इन कार्डधारकों के परिवार के एक भी सदस्य ने अपने कार्ड आधार से नहीं जोड़े हैं। डीएसओ कार्यालय के अनुसार इन कार्डों के ऑनलाइन न हो पाने से लगभग 16 हजार की आबादी को रोशन नहीं मिल पाएगा।
अब निरस्तीकरण का कार्य होगा शुरू
अल्मोड़ा। राशन कार्ड को आधार से अपडेट न करवाने वाले कार्डधारकों का अब राशन कार्ड निरस्त कर दिया जाएगा। हालांकि एक अंतिम मौका देते हुए 31 अक्तूबर तक तिथि बढ़ाई गई है, लेकिन इसके साथ ही अपडेट न कराने वाले कार्ड धारकों को बुधवार से चिह्नित किया जाएगा। जिले में एनएफएस योजना के तहत 3428 कार्ड धारकों के राशन कार्ड आधार से लिंक नहीं हुए हैं। विभाग की ओर से कई बार जागरूक करने के बाद भी कार्डधारक अपडेट के लिए नहीं पहुंच रहे हैं। इसके तहत ऐसे कार्डधारक जिन्होंने राशन कार्ड अपडेट नहीं कराया है, उन्हें विभाग बुधवार से चिह्नित करेगा। हालांकि कार्डधारकों को एक अंतिम अवसर देते हुए 31 अक्तूबर तक अपडेट कराने को कहा गया है, लेकिन बुधवार से अपडेट न कराने वालों की जानकारी ली जाएगी। जो लोग इसके बाद भी नहीं पहुंचेंगे उनके कार्ड निरस्त कर दिए जाएंगे।
प्रचार-प्रसार के बावजूद भी लोग आधार कार्ड अपडेट नहीं करा रहे हैं। जिन्होंने अब भी कार्ड अपडेट नहीं कराएं हैं, उन्हें एक अंतिम मौका दिया जा रहा है। 31 अक्तूबर तक सभी कार्डधारक अपना राशन कार्ड अपडेट करा सकते हैं। इसके साथ ही जो लोग अपडेट नहीं कराएंगे उनका राशन कार्ड निरस्त कर दिए जाएंगे।
-गौरव पांडे, प्रभारी डीएसओ अल्मोड़ा।