रानीखेत (अल्मोड़ा)। घोषित रानीखेत चिलियानौला नगर पालिका को अस्तित्व में लाने की पहल शुरू हो गई है। चिलियानौला को नगर पालिका बनाकर रानीखेत कैंट की सिविल एरिया को उसमें शामिल करने की योजना है। इसी के तहत प्रशासन ने चिलियानौला में सातों वार्डों से जुड़े लोगों की बैठक बुलाकर विकास कार्यों के प्रस्ताव मांगे। तय हुआ कि भावी नगरपालिका में दो सुलभ शौचालय बनाए जाएंगे, कूड़ा निस्तारण की स्थायी व्यवस्था होगी, साथ ही वार्डों को लिंक सड़कों से जोड़ा जाएगा।
चिलियानौला में हुई बैठक में एसडीएम रजा अब्बास ने कहा कि चिलियानौला नगर पालिका में सात वार्ड बना दिए गए हैं। नगरपालिका शीघ्र अस्तित्व में आए इसके लिए शासन स्तर से प्रयास तेज हो रहे हैं। उन्होंने विकास कार्यों के प्रस्ताव मांगे। वार्ड के लोगों ने पथ प्रकाश, निकास नालियां, लिंक मार्ग बनाने, कूड़ा निस्तारण की स्थायी व्यवस्था करने, नगर पालिका के लिए प्रवेश द्वार का निर्माण करने, शुलभ शौचालय बनाने के प्रस्ताव रखे। इन प्रस्तावों को प्रशासन शासन को भेजेगा।
दो साल पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत ने नगरपालिका की घोषणा की थी। रानीखेत कैंट के अंतर्गत होने के कारण अब चिलियानौला को पहले नगर पालिका बनाया जाएगा। इसके बाद कैंट क्षेत्र के सिविल एरिया को चिलियानौला नगर पालिका में शामिल करने की योजना है।
बैठक में तहसीलदार सतीश बर्थवाल, बीडीसी सदस्य मदन कुवार्बी, उपराजस्व निरीक्षक आरएस टोलिया, पूर्व तहसीलदार दामोदर पांडे, प्रधान गोपाल आर्य, कवींद्र कुवार्बी, चिलियानौला बधाण संघर्ष समिति के राजेंद्र बिष्ट, कमलेश बोरा, पूरन जोशी, शंकर दत्त बुधोड़ी, विमला भगत, प्रताप कुवार्बी, ग्रामीण निर्माण विभाग के जेई सुधीर वर्मा, अनिल कुमार आदि मौजूद थे।